रायबरेली। शहर के सीमा विस्तार की उम्मीद जल्द पूरी होने वाली है। वजह, नगर पालिका परिषद रायबरेली के सीमा विस्तार का प्रस्ताव शासन तक पहुंच गया है। इसी सप्ताह कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल जाने की उम्मीद है। नगर पालिका की बोर्ड की बैठक में पहले ही इस प्रस्ताव को हरी झंडी दी जा चुकी है। ऐसा होने से 15 गांव नगर क्षेत्र से जुड़ जाएंगे और इन गांवों में रहने वाली दो लाख आबादी को शहर जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
काफी समय से नगर क्षेत्र का सीमा विस्तार को लेकर प्रक्रिया चल रही है। बावजूद इसके यह कार्य अब तक नहीं हो पाया है। करीब चार माह पहले नगर पालिका परिषद की बोर्ड की बैठक में सर्वसम्मति से नगर क्षेत्र के सीमा विस्तार को हरी झंडी मिली थी। इस पर अब शासन की अंतिम मोहर लगनी है।
नगर पालिका की ओर से सीमा विस्तार के प्रस्ताव को शासन तक पहुंचा दिया गया है। इसी सप्ताह लखनऊ में कैबिनेट की बैठक होने वाली है, जिसमें नगर क्षेत्र के सीमा विस्तार को लेकर चर्चा होगी। कहा जा रहा है कि नगर क्षेत्र के सीमा विस्तार पर जल्द शासन की मुहर भी लग जाएगी, क्योंकि शासन के निर्देश पर ही प्रस्ताव को भेजा गया है। ऐसे में शहर से सटे 15 गांव नगर क्षेत्र में जुड़ जाएंगे।
एम्स भी नगर क्षेत्र में शामिल हो जाएगा। ऐसा होने से इन गांवों के लोगों को 24 घंटे बिजली, पानी, इंटरलाॅकिंग, पक्की सड़कें जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
ये गांव होंगे शामिल
जहानपुुर कोड़र, गढ़ी मुतवल्ली, रामपुर, किशुनपुर रामचंदर, खसपरी, भुवापुर जुनारदार, गोकुलपुर, चक बहादुरपुर, डिडौली, गढ़ी खास, चक शहाबुद्दीनपुर, सुल्तानपुर आइमा, दरियापुर, मधुपुरी, बीबीपुर मुत्तफर्रीकात गांवों को शहर क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव पास हुआ है।
नगर पालिका क्षेत्र के सीमा विस्तार का प्रस्ताव शासन तक पहुंच गया है। कैबिनेट की बैठक में भी सीमा विस्तार को जल्द हरी झंडी मिल जाएगी। सीमा विस्तार होने पर 15 गांवों में विकास कार्य तेजी के साथ कराए जाएंगे, जिससे इसका फायदा नागरिकों को मिल सके।
- स्वर्ण सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद रायबरेली
नगर क्षेत्र के सीमा विस्तार को लेकर पहले ही बोर्ड की तरफ से सहमति जता दी गई है। अब शासन की ओर से भी सीमा विस्तार को हरी झंडी मिलनी है। प्रयास यही है कि अधिक से अधिक लोगों को शहर जैसी सुविधाएं मिलें।
- शत्रोह्न सोनकर, नगर पालिकाध्यक्ष